मोहनगंज बाजार में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत
जिला संवाददाता अमित शुक्ला. प्रतापगढ़ जनपद के मोहनगंज बाजार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
जानकारी के अनुसार सगरा सुंदरपुर निवासी लगभग 50 वर्षीय रमा देवी अपने पति के साथ मोपेड से शहर की ओर जा रही थीं। जैसे ही वे मोहनगंज बाजार पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला ट्रक के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वहीं हादसे में घायल पति को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद बाजार में कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें एटा में पुलिस का फ्लैग मार्च, रेलवे रोड और माया पैलेस तिराहे पर बढ़ाई गई सुरक्षा












