ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता योगेन्द्र सिंह. एटा। जनपद एटा की थाना कोतवाली देहात पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और नकदी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार 20/21 मई की रात थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को ककैरा पुल के नीचे एक काली रंग की संदिग्ध स्कॉर्पियो खड़ी दिखाई दी। वाहन में बैठे दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने नाम अमन पुत्र राजवीर सिंह यादव निवासी गिरधरपुर थाना दादों जनपद अलीगढ़ तथा रजनेश उर्फ सोनू पुत्र पर्वत सिंह यादव उर्फ कालू निवासी दुलीचंदपुर थाना सोरों जनपद कासगंज बताए।

तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो तमंचे, तीन जिंदा कारतूस 315 बोर, बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो, दो सब्बल, एक वायर कटर, दो चाबियां, दो मोबाइल फोन तथा 15,200 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों का खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों केशव और रामसरन के साथ मिलकर कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी के पास लगे ट्रांसफार्मर से कॉपर, तेल और अन्य सामान चोरी किया था। इसके अलावा थाना कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित राजकीय आईटीआई परिसर में भी ट्रांसफार्मर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। दोनों घटनाओं के संबंध में संबंधित थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरोह के दो अन्य सदस्यों को पूर्व में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है। अब गिरफ्तार किए गए आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार अपनी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें एटा डीएम की सख्ती: लापरवाही पर होगी कार्रवाई, सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस कार्यों की समीक्षा

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें