31 रिक्त ग्राम पंचायतों में पुनः होगी बीसी सखी चयन प्रक्रिया,मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय द्वारा जनपद की रिक्त ग्राम पंचायतों
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर

गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय द्वारा जनपद की रिक्त ग्राम पंचायतों में संशोधित शासनादेश के अनुरूप बीसी सखी चयन प्रक्रिया संचालित किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 50 रिक्त ग्राम पंचायतों में चयन प्रक्रिया प्रस्तावित थी, जिनमें से 19 ग्राम पंचायतों में बीसी सखियों का चयन सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। अब शेष 31 रिक्त ग्राम पंचायतों में पुनः चयन प्रक्रिया संपादित की जाएगी। इस संबंध में संबंधित विकासखंड अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के अनुसार प्रत्येक विकासखंड में रिक्त ग्राम पंचायतों हेतु दिनांक 06 जून 2026 तक आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएंगे तथा प्राप्त आवेदनों की सूची 08 जून 2026 तक मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है । कि अधिकतम संख्या में आवेदन प्राप्त कराने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे योग्य एवं सक्षम बीसी सखियों का चयन सुनिश्चित हो सके तथा भविष्य में उनके कार्य से अनिच्छुक होने की संभावनाएं न्यूनतम रहें। इसके अतिरिक्त, जिन बीसी सखियों ने कार्य करने में अनिच्छा व्यक्त की है, उनसे शपथ पत्र प्राप्त कर तीन कार्य दिवस के भीतर कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने हेतु संबंधित विज्ञापन को विकासखंड कार्यालय, संकुल स्तरीय संघ कार्यालय, ग्राम संगठन कार्यालय एवं रिक्त ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में चस्पा कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। साथ ही रिक्त ग्राम पंचायतों से संबंधित संकुल स्तरीय संघों की बैठक आयोजित कर अधिक से अधिक महिलाओं को आवेदन हेतु प्रेरित करने को कहा गया है। मुख्य विकास अधिकारी श्री शिवाकांत द्विवेदी द्वारा अपने कार्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त कार्य को गंभीरता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।












