दिनांक:-23/05/2026‘स्टेम स्कॉलर फेलिसिटेशन सेरेमनी’ में मेधावी छात्राओं को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह
समवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा




गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद के उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, लोनी में शैक्षिक सत्र 2025-26 ऐतिहासिक उपलब्धियों का साक्षी बना। कक्षा 9 से 12 तक संचालित विद्यालय में पहली बार छात्राओं ने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय की तीन छात्राओं ने क्रमशः 87%, 85% एवं 83% अंक प्राप्त कर विद्यालय तथा जनपद का नाम गौरवान्वित किया। प्रदेश के समस्त 746 केजीबीवी विद्यालयों में गणित एवं विज्ञान शिक्षा को सशक्त बनाने हेतु कार्यरत खान एकेडमी द्वारा विद्यालय में “स्टेम स्कॉलर फेलिसिटेशन सेरेमनी” का भव्य आयोजन किया गया। खान एकेडमी एक गैर-लाभकारी अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जो भारत सहित अनेक देशों में विद्यार्थियों को गणित एवं विज्ञान विषयों की विश्वस्तरीय निःशुल्क ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध करा रही है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री ओ.पी. यादव रहे। खान एकेडमी से रिद्धि रावत एवं शुभ्रा मित्तल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। समारोह में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छह छात्राओं को ट्रॉफी एवं आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विषयों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली चार छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। छात्राओं के अभिभावकों को भी आमंत्रित कर सम्मान-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत संबोधन में जिला समन्वयक बालिका शिक्षा कुणाल मुद्गल ने खान एकेडमी के प्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्राओं का स्वागत करते हुए आगामी शैक्षिक सत्र में और बेहतर परिणाम देने का संकल्प व्यक्त किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री ओ.पी. यादव ने छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में सफलता हेतु हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि जीवन की प्रत्येक चुनौती का साहसपूर्वक सामना करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। खान एकेडमी की शुभ्रा मित्तल ने बेसिक शिक्षा विभाग की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों, अधिकारियों एवं छात्राओं के अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि बेटियों ने इतनी शानदार सफलता प्राप्त की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि खान एकेडमी भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग करती रहेगी। रिद्धि रावत ने विद्यालय के उत्कृष्ट भवन एवं संसाधनों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण बच्चों की सीखने की क्षमता को नई दिशा देता है। इस अवसर पर छात्राओं, अभिभावकों, प्रधानाचार्य लकी भदौरिया, जिला समन्वयक कुणाल मुद्गल एवं श्री ओ.पी. यादव के विचारों को समाहित करते हुए एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी निर्माण किया गया। कार्यक्रम के अंत में केजीबीवी वार्डन गीता त्यागी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कस्तूरबा की बालिकाओं के लिए लिखित स्वरचित गीत गीता त्यागी एवं वंदना त्यागी द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन एसआरजी पूनम शर्मा द्वारा किया गया।इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावकगण, खान एकेडमी के सदस्य एवं सभी छात्राएं उपस्थित रहीं।












