प्रतापगढ़ में चोरों का आतंक, एक रात में तीन घरों को बनाया निशाना
संवाददाता: सदानंद द्विवेदी. प्रतापगढ़ जनपद में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात लालगंज और उदयपुर थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ चोरी की घटनाओं से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार लालगंज थाना क्षेत्र के पूरे वाचन लुकर्री गांव में चोरों ने दो घरों में सेंध लगाई। छत के रास्ते घर में घुसे चोर नकदी, जेवर, कपड़े और बर्तन समेत कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब परिजन जागे तो घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए।

वहीं उदयपुर थाना क्षेत्र के सरैया दर्ज गांव में भी चोरों ने एक घर को निशाना बनाया, जहां बेटी की आगामी शादी के लिए जुटाया गया सामान भी चुरा लिया गया। पीड़ित परिवार ने बताया कि नवंबर में बेटी की शादी तय है और वर्षों की मेहनत से जोड़ा गया सारा सामान चोरी हो गया, जिससे परिवार सदमे में है।
घटनाओं के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने जल्द ही चोरी का खुलासा करने का भरोसा दिया है। हालांकि लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें गंगा दशहरा आज स्नान, दान और पूजा का विशेष महत्व, पुरुषोत्तम मास में बना दुर्लभ संयोग












