दीपक बैज के बयान पर जिला साहू संघ का पलटवार, बोले- “गरीब परिवार की बेटी से विवाह समाज के लिए प्रेरणा”

दीपक बैज के बयान पर जिला साहू संघ का पलटवार, बोले- “गरीब परिवार की बेटी से विवाह समाज के लिए प्रेरणा”

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना, विधायक दीपेश साहू के निर्णय को बताया ऐतिहासिक और अनुकरणीय

जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू

बेमेतरा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा दिए गए बयान पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस बीच जिला साहू संघ के अध्यक्ष नारद साहू ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना है, न कि वर की सामाजिक या आर्थिक स्थिति के आधार पर किसी प्रकार का प्रतिबंध लगाना।
नारद साहू ने जारी बयान में कहा कि बेमेतरा में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम के लिए शासन द्वारा निर्धारित नियमों और पात्रता के अनुसार कुल 24 कन्याओं का पंजीयन किया गया है। सभी आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों का चयन किया गया है। ऐसे में योजना को लेकर अनावश्यक राजनीतिक विवाद खड़ा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि योजना के दिशा-निर्देशों में कहीं भी यह उल्लेख नहीं है कि पात्र कन्या का विवाह केवल गरीबी रेखा के अंतर्गत आने वाले युवक से ही होना चाहिए। यदि कोई सक्षम, शिक्षित या उच्च पद पर स्थापित युवक किसी आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की कन्या को अपना जीवनसाथी बनाता है तो यह सामाजिक समरसता और समानता का उत्कृष्ट उदाहरण है। जिला साहू संघ अध्यक्ष ने कहा कि बेमेतरा विधायक दीपेश साहू द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की कन्या को जीवनसंगिनी के रूप में स्वीकार करना समाज के लिए प्रेरणादायी कदम है। यह केवल एक विवाह नहीं बल्कि सामाजिक समानता, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच का संदेश है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का यह निर्णय समाज में व्याप्त आर्थिक और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जाना चाहिए। नारद साहू ने कहा कि समाज के प्रभावशाली और सक्षम वर्ग द्वारा कमजोर वर्ग के परिवारों के साथ रिश्तेदारी स्थापित करना सामाजिक एकता को मजबूत करता है। ऐसे कदमों का स्वागत किया जाना चाहिए, न कि उन्हें राजनीतिक चश्मे से देखा जाना चाहिए।

“राजनीतिक विरोध के लिए तथ्यों की अनदेखी कर रही कांग्रेस”

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज केवल राजनीतिक विरोध के उद्देश्य से योजना के वास्तविक प्रावधानों और तथ्यों को नजरअंदाज कर रहे हैं। बिना नियमों का अध्ययन किए सार्वजनिक बयान देना न केवल भ्रामक है, बल्कि इससे समाज में गलत संदेश भी जाता है। नारद साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन की शुरुआत में सहयोग प्रदान करना है। इस योजना को राजनीति से ऊपर उठकर देखने की आवश्यकता है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें