एटा मेधावी छात्रों का सम्मान, डीएम बोले– शिक्षा और अनुशासन से बनता है उज्ज्वल भविष्य।
संवाददाता अमन अहमद। एटा माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय सम्मान समारोह के अंतर्गत हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा प्रधानाचार्यों को सम्मान देकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। इस दौरान प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने की। समारोह में सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख शीतलपुर पुष्पेन्द्र लोधी तथा ब्लॉक प्रमुख मारहरा रवि वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जनपद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर के 21 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्हें 21 हजार रुपये का प्रतीकात्मक चेक, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राएं देश और समाज के भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और लगातार प्रयास ही व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, नवाचार और उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश मौर्य, उप जिलाधिकारी भावना विमल, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इन्द्रजीत सिंह, शिक्षाधिकारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें एटा: मेडिकल कॉलेज में थ्रोम्बोलाइटिक थेरेपी से बची मरीज की जान












