जेईई एडवांस में लालगंज के दो मेधावियों ने लहराया सफलता का परचम
संवाददाता: सदानंद द्विवेदी प्रतापगढ़
लालगंज (प्रतापगढ़)। क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है कि जेईई एडवांस परीक्षा में लालगंज के दो होनहार छात्रों ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
आइंस्टीन पब्लिक स्कूल के छात्र आर्यन मिश्र ने जेईई एडवांस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। वहीं पूरे नोती गांव निवासी आयुष तिवारी ने भी जेईई एडवांस में सफलता हासिल कर अपनी मेहनत और प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि से लालगंज क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने मेधावियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों ने इसे अनुशासन, परिश्रम और सही मार्गदर्शन का परिणाम बताया।
आर्यन मिश्र और आयुष तिवारी की इस सफलता से न केवल लालगंज बल्कि पूरे प्रतापगढ़ जिले का मान बढ़ा है।












