आरडी-एनएससी भुगतान के लिए मां-बेटे को एक माह तक दौड़ाने का आरोप, डाकघर के बड़े बाबू पर कमीशन मांगने की शिकायत
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़ के पट्टी तहसील क्षेत्र स्थित उड़ैयाडीह डाकघर में तैनात एक बड़े बाबू पर मृतक खाताधारक की पत्नी और बेटे से अभद्रता करने तथा भुगतान के बदले कथित रूप से कमीशन मांगने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सांगा पट्टी गांव निवासी रमेश प्रसाद तिवारी ने उड़ैयाडीह डाकघर में दो एनएससी और एक आरडी खाता संचालित कर रखा था। पिछले माह उनकी अचानक मृत्यु हो गई। खातों में उनकी पत्नी सुधा तिवारी नामिनी हैं। पति की मृत्यु के बाद वह अपने पुत्र आशुतोष तिवारी के साथ जमा धनराशि प्राप्त करने के लिए लगातार डाकघर के चक्कर लगा रही थीं। परिजनों का आरोप है कि डाकघर में तैनात बड़े बाबू अरुण कुमार पांडेय भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर कमीशन की मांग कर रहे थे। कमीशन न देने पर उन्हें बार-बार टाल दिया गया और करीब एक माह तक दौड़ाया जाता रहा। आरोप है कि बुधवार को जब सुधा तिवारी अपने पुत्र के साथ दोबारा डाकघर पहुंचीं तो बड़े बाबू ने फिर कथित रूप से कमीशन मांगा। विरोध करने पर आशुतोष तिवारी के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। परिजनों का कहना है कि उन्हें साफ शब्दों में कहा गया कि बिना कमीशन के भुगतान नहीं होगा। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच, दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई तथा लंबित भुगतान शीघ्र दिलाने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित कर्मचारी के खिलाफ ग्राहकों से विवाद की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं।
फिलहाल, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विभागीय जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












