कासगंज हजारा नहर में बड़ा हादसा, स्नान के दौरान तीन युवक लापता
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
नदरी पुल (कासगंज) के पास हजारा नहर में नहाने गए चार युवक डूबे, एक को सकुशल बचाया गया।
कासगंज जनपद के नदरी पुल क्षेत्र स्थित हजारा नहर में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हाथरस जनपद के थाना सिकंदराऊ क्षेत्र के गांव टीकरी कला निवासी चार युवक नहर में नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीएसी की गोताखोर टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गोताखोरों ने एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि तीन युवक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
लापता युवकों की पहचान अजय पुत्र डालचंद्र (24 वर्ष), जयप्रकाश (27 वर्ष) और छोटू (22 वर्ष) निवासी टीकरी कला, सिकंदराऊ के रूप में हुई है। वहीं सुमित पुत्र रामसिंह (24 वर्ष) को गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बताया जा रहा है कि चारों युवक दो मोटरसाइकिलों से नहर पर स्नान करने आए थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पीएसी के गोताखोर और स्थानीय प्रशासन लापता युवकों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।












