मैनपुरी में दौड़ते कंटेनर में लगी भीषण आग, टायर फटने से मचा हड़कंप
संवादाता :पंकज मिश्रा मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक चलते कंटेनर ट्रक में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना नवीगंज चौकी के पास की है, जहां अज्ञात कारणों से कंटेनर के केबिन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कंटेनर के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कंटेनर के कई टायर तेज धमाकों के साथ फट गए। टायर फटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना के दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी देर तक मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
गनीमत रही कि चालक और अन्य लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से कंटेनर का केबिन और अगला हिस्सा बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।
ये भी पढ़ें हौदेश्वर नाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, सोमवार को भक्तों की रही भारी भीड़












