एटा में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार, 27 करोड़ की प्रोटीन निर्माण इकाई से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर।

एटा में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार, 27 करोड़ की प्रोटीन निर्माण इकाई से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर।

संवादाता अमन अहमद।

एटा, 9 जून। जनपद में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन के प्रयास लगातार रंग ला रहे हैं। प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे सहयोग और अनुकूल माहौल के चलते स्थानीय युवा अब अपने ही जिले में बड़े उद्योग स्थापित कर रोजगार सृजन की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में कस्बा पिलुआ में लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक प्रोटीन निर्माण इकाई स्थापित की जा रही है। इस परियोजना की पहल वर्मा नगर निवासी राहुल यादव ने की है, जिन्होंने डेयरी मैनेजमेंट में बीटेक की शिक्षा प्राप्त करने के बाद देश की कई प्रतिष्ठित डेयरी एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों में कार्य किया है। अपने अनुभव और तकनीकी दक्षता के आधार पर उन्होंने यह अभिनव उद्योग स्थापित करने का निर्णय लिया। प्रस्तावित इकाई में दूध से पनीर निर्माण के बाद बचने वाले तरल पदार्थ (व्हे) से उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन तैयार किया जाएगा, जिसकी बाजार में लगातार मांग बढ़ रही है। मंगलवार को जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने अपने कार्यालय में राहुल यादव को भूगर्भ जल विभाग की ओर से जल दोहन संबंधी अनुमति पत्र प्रदान किया। परियोजना के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अग्निशमन विभाग तथा अन्य आवश्यक विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए जा चुके हैं और निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को नवाचार आधारित उद्योगों की स्थापना के लिए आगे आना चाहिए। प्रशासन निवेशकों और उद्यमियों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हों और एटा औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, सहायक अभियंता लघु सिंचाई रमेश चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें