चारधाम चौकी प्रभारी शशांक कौशिक गिरफ्तार
रिपोर्ट जय भगवान बघेल मथुरा के थाना जैत क्षेत्र स्थित चारधाम छटीकरा चौकी पर तैनात रहे सब-इंस्पेक्टर शशांक कौशिक पर लगे गंभीर आरोपों की जांच में पुष्टि होने के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि दरोगा शशांक कौशिक ने स्थानीय विक्रेताओं से अवैध धन उगाही का पूरा नेटवर्क खड़ा कर रखा था। शिकायतकर्ताओं के अनुसार मंदिर क्षेत्र में फूल-माला और पूजा सामग्री बेचने वाले छोटे व्यापारियों से हर माह हजारों रुपये की जबरन वसूली की जा रही थी। आरोप यह भी है कि इस अवैध वसूली और कथित पार्किंग संचालन के लिए दरोगा ने अपनी पूर्व तैनाती वाले जनपद अलीगढ़ से आपराधिक इतिहास वाले दो व्यक्तियों को बुलाकर लगाया हुआ था।
विक्रेताओं की शिकायत पर जब जांच कराई गई तो आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद वादी की तहरीर के आधार पर थाना जैत में मु0अ0सं0-426/26 के तहत धारा 308(2), 351(3) बीएनएस तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सब-इंस्पेक्टर शशांक कौशिक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में नामजद दो बाहरी आरोपी अभी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि मंदिर के आसपास कारोबार करने वाले विक्रेताओं पर दबाव बनाकर उनसे कथित तौर पर प्रति माह मोटी रकम वसूली जाती थी। विरोध करने वालों को डराने-धमकाने की भी शिकायतें सामने आई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विभाग में भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी दरोगा के खिलाफ गिरफ्तारी के साथ-साथ कठोर विभागीय कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस विभाग के भीतर भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिसने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि वर्दी की आड़ में अवैध वसूली करने वालों पर कानून का शिकंजा कसना तय है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ पुलिस में 24 पुलिसकर्मियों का तबादला, एसपी दीपक भूकर का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल।












