यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 337 वाहनों के कटे चालान
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन में जनपदभर में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात संजय सिंह के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन जांच की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 337 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस कार्रवाई में सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट और तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों के हुए।
चालानों का विवरण इस प्रकार रहा:
प्रेशर हॉर्न लगाने पर – 37 चालान
शराब पीकर वाहन चलाने पर – 08 चालान
मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर – 06 चालान
दोषपूर्ण अथवा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पर – 20 चालान
बिना हेलमेट एवं तीन सवारी पर – 266 चालान
चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सलाह दी।
एटा पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।












