घर-जमीन के बंटवारे ने ली भाई की जान, गैती से वार कर छोटे भाई ने की हत्या
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा, 14 जून 2026। जिले के ग्राम ढारा में घर, जमीन के बंटवारे एवं खेती-किसानी के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सगे छोटे भाई ने आवेश में आकर अपने ही बड़े भाई की गैती से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ढारा निवासी तोप सिंह साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बेमेतरा में मजदूरी का कार्य करता है। 13 जून को उसके दोनों भाइयों के बीच घर के बंटवारे और खेती-किसानी के पैसों के हिसाब को लेकर मोबाइल पर विवाद हो रहा था। सूचना मिलने पर जब वह गांव पहुंचा तो उसका भाई प्रदीप साहू घर में खून से लथपथ पड़ा मिला। वहीं छोटे भाई जलेश्वर साहू ने बताया कि झगड़े के दौरान गुस्से में आकर उसने गैती से हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी जलेश्वर साहू (23 वर्ष) निवासी ग्राम ढारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गैती एवं अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है। पारिवारिक विवाद की यह दर्दनाक घटना एक बार फिर यह संदेश देती है कि घर-परिवार के मतभेद यदि समय रहते शांतिपूर्ण ढंग से नहीं सुलझाए जाएं, तो उनके परिणाम बेहद दुखद हो सकते हैं।












