मारपीट के मामले में नया विवाद, घायल पक्ष ने झूठे मुकदमे का लगाया आरोप
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।

एटा। जनपद के मलावन थाना क्षेत्र के नगला सुंडा गांव में हुई मारपीट की घटना अब नया मोड़ लेती नजर आ रही है। घायल पक्ष ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया है कि उनके परिजनों को फंसाने के उद्देश्य से विपक्षी पक्ष के दबाव में झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे नगला सुंडा निवासी धीरेंद्र पुत्र रामेंद्र सिंह अपने घायल परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की। शिकायत में बताया गया कि 6 जून को गांव में हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के संबंध में पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को जेल भेजा गया था। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष ने कथित रूप से दबाव बनाकर उनके भाइयों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करा दिया। धीरेंद्र ने आरोप लगाया कि जिन भाइयों को नामजद किया गया है, वे घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थे, बल्कि अपने घर पर थे। उन्होंने पुलिस पर निष्पक्ष जांच न करने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। पीड़ित पक्ष ने वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी है।
उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और तथ्यों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












