वार्ड 18 में कूड़े का ढेर बना बीमारी का अड्डा
गोमती माता मंदिर के पास फैली गंदगी पर नगर पालिका चुप
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान एटा। वार्ड संख्या 18 के रेवाड़ी मोहल्ला स्थित गोमती माता मंदिर के ठीक सामने, पीपल के पेड़ के पास वाली गली में बारिश के बाद हालात बद से बदतर हो गए हैं। एक खाली प्लॉट में कूड़े और गंदगी का अंबार लग गया है, जिससे न सिर्फ बदबू फैल रही है, बल्कि मच्छरों का प्रकोप बढ़कर बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका को शिकायत दी, खासकर गर्मी और बरसात के मौसम को देखते हुए सफाई कराने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मोहल्ले के सभासद मोहित शर्मा समेत पूरी गली के लोग स्वच्छता की अनदेखी से बेहद परेशान हैं।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस गंदगी को साफ नहीं कराया गया, तो वे मजबूरन सामूहिक विरोध प्रदर्शन करेंगे।
निवासियों का सवाल है कि जब नगर पालिका का पूरा अमला वार्डवार सफाई के दावे कर रहा है, तो फिर गोमती माता मंदिर के पास की यह गली सफाई से वंचित क्यों है।
ये भी पढ़ें रेवाड़ी मोहल्ले में हादसे का खतरा












