भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर एसएसपी का जोर, पुलिस लाइंस पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
संवादाता अमन अहमद।
एटा, 16 जून। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत चल रही अभिलेख सत्यापन (डीवी) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) प्रक्रिया का मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन ने पुलिस लाइंस पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। एसएसपी ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच, शारीरिक मानक परीक्षण, ऊंचाई एवं अन्य मापदंडों की जांच प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा तथा भर्ती कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया शासन एवं भर्ती बोर्ड द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही संचालित की जाए और किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही की गुंजाइश न रहे। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए ताकि योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने भर्ती स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए। गौरतलब है कि पुलिस लाइंस एटा में 15 जून से उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के लिए अभिलेख सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया जारी है। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, प्रतिसार निरीक्षक किशनलाल गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।












