अमृत सरोवर में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल।

अमृत सरोवर में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल।

संवादाता अमन अहमद।

एटा। जनपद के मारहरा कस्बे में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। अमृत सरोवर तालाब में डूबने से छह वर्षीय मासूम अभिनव की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय लोगों में नगर पालिका की लापरवाही को लेकर आक्रोश देखने को मिला।जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह अभिनव की मां दवा लेने के लिए घर से बाहर गई थीं। इसी दौरान मासूम घर के सामने स्थित पार्क में खेलने चला गया। खेलते समय वह अमृत सरोवर तालाब की रैंप पर पहुंच गया, जहां पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा और डूब गया। काफी देर तक बच्चे के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद अभिनव को तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे से गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग बच्चे के शव को लेकर नगर पालिका परिषद मारहरा कार्यालय पहुंच गए। लोगों ने तालाब के चारों ओर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। उनका कहना था कि यदि तालाब के आसपास बाउंड्री वॉल या रेलिंग लगी होती तो यह हादसा टाला जा सकता था। घटना की सूचना पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, वरिष्ठ लिपिक तथा पालिका अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने शासन की आपदा सहायता योजना के तहत चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही मृतक बालक के पिता मुकेश कुमार को निर्माणाधीन अमृत सरोवर पार्क में आउटसोर्स अथवा संविदा के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया। उधर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद अमृत सरोवर सहित सार्वजनिक जलाशयों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें