जनगणना-2027 के प्रथम चरण के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर जिलाधिकारी श्रीमती मेंघा रूपम ने अधिकारियों को दी बधाई
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
गौतमबुद्धनगर 17 जून, 2026 जिलाधिकारी/प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर समस्त चार्ज अधिकारियों, सहायक चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत सरकार के जनगणना निदेशालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप जनपद में प्रथम चरण के अंतर्गत आवंटित समस्त कार्य समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न किए गए हैं। उन्होंने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, समन्वय एवं परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रथम चरण की सफलता सभी के सामूहिक प्रयासों एवं टीम भावना का परिणाम है। बैठक में प्रथम चरण के अंतर्गत भवन सूचीकरण, प्रशासनिक तैयारियों, अभिलेखों के संधारण, मानचित्रों के अद्यतनकरण तथा चार्ज एवं सर्किल संबंधी व्यवस्थाओं सहित जनगणना निदेशालय द्वारा निर्धारित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रथम चरण से संबंधित समस्त अभिलेखों एवं आंकड़ों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए तथा आगामी चरण के लिए आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं।उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए आगामी चरणों में भी पूर्ण शुद्धता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य संपादित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय बनाए रखते हुए आगे भी जनगणना कार्य को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से संपन्न कराएंगे।बैठक के दौरान जनगणना कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में अधिकारियों से सुझाव भी प्राप्त किए गए तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी अजीत कुमार सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा वंदना त्रिपाठी सहित नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना विकास प्राधिकरण के समस्त चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी तथा जनगणना कार्य से संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। गौतमबुद्धनगर।












