फिटनेस, अनुशासन और तत्परता पर जोर: एसएसपी डॉ. इलामारन ने पुलिस लाइन का किया व्यापक निरीक्षण।
संवादाता अमन अहमद। एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचकर साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया और पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन तथा फिटनेस का जायजा लिया। परेड की सलामी लेने के बाद उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट की बारीकी से जांच की और वर्दी को निर्धारित मानकों के अनुरूप पहनने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पुलिस कर्मियों को आम जनता के साथ विनम्र, संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने की सीख दी।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस कर्मियों की शारीरिक क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दौड़ भी लगवाई। इसके अलावा टोलीवार ड्रिल कराकर अनुशासन, समन्वय और दक्षता को परखा गया। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना अत्यंत आवश्यक है।
इसके बाद एसएसपी ने पीआरवी-112 वाहनों का निरीक्षण करते हुए उनमें लगे लाइट, हूटर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और अन्य आवश्यक उपकरणों की कार्यस्थिति जांची। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए रिस्पॉन्स टाइम को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन स्थित मेस, कैंटीन, बैरक और आवासीय परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को अधिक सक्षम, अनुशासित और जनसेवा के लिए तत्पर बनाना रहा।












