साइबर ठगी के 99,500 रुपये पीड़ित को वापस मिलेः- मैनपुरी साइबर थाना की कार्रवाई से खाते में लौटी पूरी रकम…
मंडल संवाददाता अमित चौहान
मैनपुरी में साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति को उसके 99,500 रुपये वापस मिल गए हैं। थाना साइबर क्राइम और साइबर सेल की कार्रवाई के बाद पीड़ित के बैंक खाते से निकाली गई यह धनराशि वापस कराई गई। इन दिनों साइबर अपराधी विभिन्न तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर बैंक खातों, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर धोखाधड़ी कर रहे हैं। मैनपुरी पुलिस ऐसे अपराधों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी कर रही है। यह मामला पुलिस लाइन क्षेत्र निवासी आवेदक अवधेश कुमार सिंह से संबंधित है। उन्होंने शिकायत संख्या 23106260109246 दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर 99,500 रुपये निकाल लिए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देश पर थाना साइबर क्राइम को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया थाना साइबर क्राइम मैनपुरी ने इस मामले को गंभीरता से लिया। टीम ने बैंक नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित किया और तकनीकी तथा बैंकिंग स्तर पर लगातार प्रयास किए। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, पीड़ित के खाते से निकाली गई पूरी धनराशि 99,500 रुपये वापस करा दी गई।साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो उसे बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। ऐसा करने से समय रहते धनराशि को होल्ड कराकर वापस कराया जा सकता है। इस कार्रवाई में थाना साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार के साथ हेड कांस्टेबल सरयू कुमार, हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह और कांस्टेबल विपिन कुमार की टीम शामिल रही।












