पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, घोड़ा बांधने के विवाद के बाद हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस
संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार
एटा। जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र के तरीगंवा गांव में शुक्रवार सुबह एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुकेश (40) निवासी तरीगंवा के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों ने उसका शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटका देखा। इसके बाद परिजनों ने तत्काल जैथरा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के भाई राजेश ने बताया कि बुधवार को मुकेश का गांव के नरेश और उसकी पत्नी से घोड़ा बांधने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया था कि मौके पर डायल-112 पुलिस को भी पहुंचना पड़ा था। राजेश के मुताबिक, गुरुवार देर रात भी मुकेश का अपने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों से कहासुनी हुई थी। उन्होंने बताया कि मुकेश शराब पीने का आदी था। रात करीब 11 बजे वह घर से चला गया और शुक्रवार सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला। थाना प्रभारी रीतेश ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।












