खेत में पानी लगाने गए किसान की संदिग्ध मौत, देर तक घर नहीं लौटने पर खेत में मिला शव

खेत में पानी लगाने गए किसान की संदिग्ध मौत, देर तक घर नहीं लौटने पर खेत में मिला शव

संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार

एटा। जनपद के रिजोर थाना क्षेत्र में खेत पर पानी लगाने गए एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में खेत पहुंचे, जहां वह बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रिजोर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव निवासी बबलू (45) पुत्र लालाराम रविवार दोपहर करीब दो बजे राजेंद्र के खेत में पानी लगाने के लिए गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और वे उसकी तलाश में खेत पहुंचे। वहां बबलू अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन तत्काल उसे वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सुखराम ने बताया कि बबलू को पहले से मिर्गी (दौरे) की बीमारी थी और उसे कई बार दौरे पड़ चुके थे। हालांकि, मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर परिवार भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रिजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें