पंजाब भाजपा में बदलाव की बयार: अश्वनी शर्मा बोले – अब जनता बदलाव चाहती है, AAP ने किया प्रदेश को बर्बाद
सर्वेश राय संवाददाता, लुधियाना (पंजाब: भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा शुक्रवार को लुधियाना पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब पंजाब की जनता बदलाव चाह रही है, और 2027 में भाजपा अकेले चुनाव लड़कर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
अश्वनी शर्मा ने कहा, “7 जुलाई को मुझे नई जिम्मेदारी मिली थी और 13 जुलाई से मैंने पूरे पंजाब का दौरा शुरू कर दिया है। आज मैं बठिंडा से कार्यक्रम खत्म कर सीधे लुधियाना आया हूं। अब लोग AAP सरकार से मुक्ति चाहते हैं।”
शर्मा ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता पूरे जोश में हैं और 2027 में राज्य में कमल खिलाएंगे।
महिलाओं से किए वादे पर सरकार खामोश
AAP सरकार पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा, “महिलाओं को हर महीने ₹1000 देने का वादा किया गया था। अब तक 42,000 रुपए का बकाया हो गया है, और अगला महीना आते ही ये ₹43,000 हो जाएगा। यह सिर्फ चुनावी जुमला था। महिलाएं अब जवाब मांगेंगी।”
बेअदबी, एमएसपी और लैंड पुलिंग पर भी निशाना
शर्मा ने कहा कि AAP सरकार बनने के बाद 300 से ज्यादा बेअदबी की घटनाएं हो चुकी हैं और अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान पर भी तंज कसते हुए कहा कि जो MSP की गारंटी चुटकियों में देती थीं, अब यू-टर्न ले चुकी हैं।
लैंड पुलिंग योजना को लेकर शर्मा ने कहा कि सरकार किसानों पर ज़मीन देने का दबाव बना रही है, जो बड़ा स्कैम है। “भाजपा यह स्कैम नहीं होने देगी,” उन्होंने कहा।
“नशे में रहते हैं मुख्यमंत्री, क्या एक्शन लेंगे?”
मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधे हमला बोलते हुए शर्मा ने कहा, “जो खुद नशे में रहते हैं, वो भला नशे के खिलाफ क्या कार्रवाई करेंगे? पंजाब का युवा कभी सेना और खेलों में नाम करता था, आज नालियों में पड़ा मिल रहा है।”
जिला अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया तेज़, कई नामों पर चर्चा
लुधियाना भाजपा के नए जिला अध्यक्ष को लेकर भी पार्टी में मंथन तेज हो गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इसी महीने के अंत तक नया जिला अध्यक्ष घोषित किया जा सकता है। भाजपा कार्यालय में बीते दिन हुई बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष **केवल सिंह ढिल्लों**, राज्य महिला मोर्चा अध्यक्ष **जय इंदर कौर** समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संभावित नामों पर विचार-विमर्श किया।
मौजूदा अध्यक्ष रजनीश धीमान, पूर्व अध्यक्ष पुष्पिंदर सिंघल, पार्षद सुनील मौदगिल, गुरदीप गोशा, महेश शर्मा, और यशपाल चौधरी प्रमुख दावेदारों में हैं। भाजपा परंपरा अनुसार हर तीन साल में स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय से नया जिला अध्यक्ष चुना जाता है।
“डबल इंजन सरकार से होगा पंजाब का विकास”
अंत में अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने से ही प्रदेश का सही मायने में विकास संभव है। उन्होंने कहा, “हम डबल इंजन सरकार लाना चाहते हैं। आतंकवाद को पंजाबियों ने ही खत्म किया है, अब विकास भी पंजाब की जनता ही लाएगी।”
ये भी पढ़ें एटा: सड़कों पर घायल हो रहे गोवंश को लेकर गौ सेवा संस्थान सक्रिय, गौशाला निर्माण की उठी मांग












