“खेलते-खेलते मौत की आगोश में समाईं दो बहनें: जर्जर दीवार बनी काल, राहुरपुर में मातम”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा जिले के थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राऊरपुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। पुराने कच्चे मकान की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम राऊरपुर निवासी चंद्रप्रकाश कोसले ने हाल ही में नया मकान बनवाया था, लेकिन पुराने घर की लगभग 7 से 8 फीट ऊंची कच्ची ईंट की दीवार अब भी खड़ी थी। समय के साथ कमजोर हो चुकी यह दीवार परिवार के लिए अनजाने में मौत का कारण बन गई। बताया गया कि घटना के समय चंद्रप्रकाश की बहन जगोना घर के पास बर्तन साफ कर रही थीं, जबकि उनकी 7 एवं 8 वर्ष की दो मासूम बेटियां वहीं खेल रही थीं। इसी दौरान अचानक जर्जर दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों बच्चियां मलबे में दब गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जगोना गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बेमेतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए घायल महिला को जिला चिकित्सालय बेमेतरा भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर जर्जर और परित्यक्त भवनों से होने वाले खतरों को उजागर कर दिया है। एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की असमय मौत से पूरे राऊरपुर गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












