एटा में नहर से अज्ञात महिला का शव बरामद, पिलुआ क्षेत्र में फैली सनसनी
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा। जनपद एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र में रविवार शाम नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना गांव वंथल कुतकपुर के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:15 बजे नहर किनारे पशु चरा रहे चरवाहों की नजर नहर में बह रहे एक महिला के शव पर पड़ी। शव दिखाई देने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पिलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतका की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी संदीप सिंह राणा ने बताया कि महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है, ताकि मृतका की पहचान कर घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।












