महादेव सिमरिया स्थित बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर की व्यवस्था पर उठे सवाल, स्थानीय लोगों ने की जांच की मांग

महादेव सिमरिया स्थित बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर की व्यवस्था पर उठे सवाल, स्थानीय लोगों ने की जांच की मांग

जमुई (बिहार)। जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत महादेव सिमरिया शिर्डी स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108 बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर की व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों एवं ब्राह्मण समाज ने गंभीर सवाल उठाए हैं। मंदिर के संचालन, वैदिक कार्यों के निष्पादन तथा प्रशासनिक अधिकारों के उपयोग को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर में सेवादार (पांडा) द्वारा सनातन परंपरा के अंतर्गत वैदिक कार्य, जैसे वाहन पूजा सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान कराए जा रहे हैं, जबकि बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद द्वारा मंदिर के कार्यों का विभाजन करते हुए वैदिक अनुष्ठानों की जिम्मेदारी ब्राह्मणों को सौंपे जाने का प्रावधान बताया गया है। वहीं, पांडा की जिम्मेदारी मंदिर की साफ-सफाई एवं अन्य निर्धारित कार्यों तक सीमित होने की बात कही जा रही है।

इसी को लेकर स्थानीय लोगों और ब्राह्मण समाज ने सवाल उठाया है कि यदि वैदिक कार्यों का अधिकार निर्धारित है, तो फिर पांडा द्वारा ऐसे अनुष्ठान किसके निर्देश पर कराए जा रहे हैं और इसके लिए उन्हें किस स्तर से अनुमति प्राप्त है।

इसके अलावा, एक व्यक्ति की भूमिका को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति स्वयं को मंदिर का संयोजक बताते हुए मंदिर के प्रशासनिक, विधि-व्यवस्था एवं वित्तीय कार्यों में हस्तक्षेप कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति न तो मंदिर समिति का सदस्य है और न ही कोई अधिकृत पदाधिकारी, इसके बावजूद वह मंदिर के विभिन्न कार्यों को प्रभावित कर रहा है।

स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि मंदिर के पदेन अध्यक्ष अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) होते हैं। ऐसे में यदि अनियमितताएं हो रही हैं तो प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। लोगों ने मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

हालांकि, इस संबंध में मंदिर प्रशासन या संबंधित अधिकारियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है। प्रशासन का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें