गंगा एक्सप्रेसवे पर नीलगाय से टकराई लग्जरी कार, नीलगाय की मौके पर मौत
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
महेशगंज। प्रतापगढ़ जनपद के महेशगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरमई सुल्तानपुर गांव के पास बुधवार सुबह करीब 7 बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार लग्जरी कार नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नीलगाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार परिवार लखनऊ से प्रयागराज जा रहा था। हादसे के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में सहयोग किया।
सूचना मिलते ही गंगा एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम एवं एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। टीम ने तत्काल यातायात को सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त वाहन को सुरक्षित किनारे कराया। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने नीलगाय के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।
बड़ी बात यह है कि जब एक्सप्रेस इतना ऊंचा बना है कि कोई जल्दी ऊपर नहीं जा पता हादसा एक बार फिर गंगा एक्सप्रेसवे पर वन्यजीवों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।












