प्रयागराज: हंडिया के सपा विधायक हाकिम लाल बिंद समेत 5 लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, युवक की मौत के बाद बढ़ीं मुश्किलें
प्रयागराज। प्रयागराज के हंडिया विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक हाकिम लाल बिंद समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई बनपुरवा गांव में एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने के मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को बनपुरवा गांव में एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों और परिजनों ने शव को नीचे उतारने से इनकार कर दिया और जमकर हंगामा किया। मौके की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक टीम पहुंची।
घटनास्थल पर डीसीपी कुलदीप गुनावत, पुष्कल वर्मा, एडीएम प्रयागराज सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद परिजनों की मांग पर हंडिया के सपा विधायक हाकिम लाल बिंद सहित पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद हंडिया के सपा विधायक की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












