टीईटी परीक्षा: एडीजी प्रयागराज जोन व एसपी प्रतापगढ़ ने परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक, प्रयागराज जोन श्री ज्योति नारायण, पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज श्री प्रशांत राज ने थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के संगम इंटरनेशनल स्कूल परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रतापगढ़ पुलिस ने बताया कि टीईटी परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जनपद भर में व्यापक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।












