साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, म्यूल अकाउंट गिरोह का भंडाफोड़

प्रतापगढ़ में साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई: 14 मुकदमे दर्ज, 17 आरोपी गिरफ्तार, 12.18 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा

संवाददाता: विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश।

प्रतापगढ़ पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेशव्यापी अभियान के तहत 14 मुकदमे दर्ज किए हैं तथा 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों के बैंक खाते और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल देश के 19 राज्यों में दर्ज 89 साइबर शिकायतों से जुड़े लगभग 12.18 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में किया गया था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते (म्यूल अकाउंट) और मोबाइल नंबर साइबर गिरोहों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों और नंबरों का उपयोग इन्वेस्टमेंट स्कैम, डिजिटल अरेस्ट, पार्ट-टाइम जॉब फ्रॉड, क्रिप्टो ट्रेडिंग सहित विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों में किया जाता था।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम सेल तथा जनपद के सभी थानों की साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीमों द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और साइबर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी अज्ञात लिंक, QR कोड या APK फ़ाइल पर क्लिक न करें। OTP, PIN, CVV अथवा बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी अज्ञात खाते में धनराशि प्राप्त हो तो बिना सत्यापन उसे आगे ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

ये भी पढ़ें फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास करने वाला वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें