स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए शुरू हुई “आकांक्षा हाट”, 2 अगस्त तक चलेगा आयोजन
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत एटा: नीति आयोग, भारत सरकार के निर्देशानुसार जनपद एटा में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अन्तर्गत “वोकल फार लोकल” पहल को सशक्त बनाने हेतु आकांक्षा हाट का भव्य आयोजन जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में किया गया। इस हाट का उद्घाटन मारहरा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी एवं जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
यह हाट 28 जुलाई से प्रारम्भ होकर 02 अगस्त 2025 तक चलेगी, जिसमें जनपद के स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने, बाजार से जोड़ने एवं ब्रांडिंग कराने का उद्देश्य है।
स्थानीय उत्पादों की रही भरपूर प्रदर्शनी
उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक व जिलाधिकारी ने सभी स्टॉलों का भ्रमण कर उत्पादों की जानकारी ली। हाट में जनपद के ओडीओपी (ODOP) उत्पाद जैसे:
घुंघरू घंटी, चिकोरी उत्पाद, राखी, बैग्स, चप्प, अगरबत्ती, सेनेटरी पैड, खादी वस्त्र, जैविक खेती से उत्पादित दालें, आटा, सब्जियां, खाद्य मसाले, अचार, मुरब्बा, जैली, शहद, खाद्य तेल, रेडीमेड वस्त्र, कांच की मूर्तियाँ, आइसक्रीम एवं आर्टिफिशियल ज्वेलरी आदि वस्तुओं की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि हर हाथ को काम मिले, कोई भी व्यक्ति बेरोजगार न रहे। इसके लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, सीएम युवा विकास उद्यमी योजना, और ODOP वित्त पोषण योजना चलाई जा रही हैं। उन्होंने जिले के युवाओं से इन ऋण योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
हर घर तक पहुंचे स्थानीय उत्पाद — सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी डा. नागेन्द्र नारायण मिश्र ने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि हाट में लगे हर स्टॉल का निरीक्षण करें और कुछ न कुछ खरीद कर अपने घर ले जाएं। उन्होंने कहा कि जनपद के उत्पादों को अपनाना हमारा संकल्प होना चाहिए।
उत्पादकों को डिजिटल प्लेटफार्म से जोड़ने की पहल
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि आकांक्षा ब्लॉक अवागढ़, जैथरा और सकीट के उत्पादकों को GeM एवं ONDC जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया भी जारी है, जिससे इनके उत्पादों को व्यापक पहचान मिल सके।
आयोजन में रही जोरदार सहभागिता
इस अवसर पर डीएसटीओ प्रदीप कुमार, एडीएसटीओ अवधेश कुमार, लीड बैंक प्रबंधक राम विनोद, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक सिंह, जिला उद्योग केंद्र एवं जिला अर्थ-संख्या कार्यालय का स्टाफ, तथा आकांक्षी ब्लॉकों से आए अनेक उत्पादक — अयोध्या वर्मा, सोनल, उदयपाल सिंह, मो. नईम अंसारी, रोहन लाल वर्मा, राहुल यादव, दुर्वीन सिंह, अजयपाल सिंह, अशीष राघव, मनीष कुमार, रजनी राजपूत, रोहित, ममता देवी, कीर्ति सिंह आदि — भी उपस्थित रहे।
जनपद वासियों से अनुरोध है कि 02 अगस्त, 2025 तक चलने वाली आकांक्षा हाट में अवश्य पधारें और अपने जनपद के उत्पादों को अपनाकर स्थानीय आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दें।
ये भी पढ़ें गौसेवा आयोग के अध्यक्ष को दिया पारीछा टहरौली लिफ्ट कैनाल का ज्ञापन












