सांप के डंसने से 13 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा/प्रतापगढ़। कुंडा तहसील क्षेत्र के डेरवा इलाके की कसहर ग्रामसभा के तिलहर गांव में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकाश सरोज (13 वर्ष) पुत्र शेखर सरोज बुधवार सुबह करीब 3 बजे घर में सो रहा था, तभी उसे जहरीले सांप ने डंस लिया। परिजन तत्काल उसे डेरवा स्थित एक चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। बालक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उसे तत्काल जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया।
परिजन आनन-फानन में आकाश को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने लगे।
ईश्वर दिवंगत बालक की आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।












