नोएडा पुलिस की बड़ी सफलता: थाना फेस-1 पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, 12 दोपहिया वाहन बरामद
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
नोएडा, 15 जुलाई 2026। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के 12 दोपहिया वाहन (10 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी और 1 मोटरसाइकिल का चेसिस) बरामद किए हैं। एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई की जानकारी एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बर्ड सेंचुरी अंडरपास के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशु ढेढा (26 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सुखबीर सिंह, निवासी पीपल चौक, दल्लूपुरा, थाना न्यू अशोक नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।
चोरी का तरीका
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ पहले दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के इलाकों में रेकी करता था। इसके बाद मौका मिलते ही दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें सेक्टरों में खड़ी अन्य गाड़ियों के बीच छिपा देता था। बाद में मजबूरी का बहाना बनाकर चोरी के वाहनों को कबाड़ियों और राह चलते लोगों को बेच देता था। बिक्री से मिली रकम को दोनों आपस में बांटकर मौज-मस्ती में खर्च करते थे। जांच के दौरान बरामद एक मोटरसाइकिल दिल्ली के थाना ईस्ट विनोद नगर से चोरी होना पाई गई। आरोपी का सत्यापन यूपी पुलिस के ‘यक्ष ऐप’ और ‘गाण्डीव पोर्टल’ पर किया गया, जहां उसके खिलाफ पहले से दर्ज कई आपराधिक मुकदमों की पुष्टि हुई।
33 मुकदमे पहले से दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी आशु ढेढा पर दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, लूट, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट समेत कुल 33 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
बरामदगी पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें, 1 स्कूटी और 1 मोटरसाइकिल का चेसिस बरामद किया है। इनमें कई वाहन नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं।
इस संबंध में थाना फेस-1, गौतमबुद्धनगर पर मु0अ0सं0-359/2026 के तहत धारा 317(2)/317(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।












