नूरवाला में चला ‘स्वागत स्वच्छता अभियान’, गजेंद्र सलूजा बोले— स्वच्छता को बनाएं जीवन का अभिन्न अंग
संवाददाता: सागर गोयल
जिला क्राइम रिपोर्टर, पानीपत (हरियाणा)

पानीपत, 16 जुलाई। नूरवाला क्षेत्र में गुरुवार को ‘स्वागत स्वच्छता अभियान’ के तहत विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व भाजपा प्रदेश प्रमुख राष्ट्रीय सदस्यता अभियान एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा ने किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
सफाई अभियान के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गजेंद्र सलूजा ने कहा कि व्यक्तिगत और सामूहिक स्वच्छता को बढ़ावा देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है, इसलिए सभी को स्वच्छता को अपनी आदत और संस्कार का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन रेल को हरी झंडी दिखाएंगे। इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने के लिए अधिक से अधिक लोगों से जींद पहुंचने का आग्रह किया। उन्होंने अपील की कि समारोह में शामिल होने वाले लोग केवल पर्यावरण हितैषी वाहनों जैसे इलेक्ट्रिक बस, इलेक्ट्रिक कार या सीएनजी ईंधन वाले वाहनों का ही उपयोग करें।
गजेंद्र सलूजा ने राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों को भी संबोधित किया और उनसे अपने परिवार व आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के सबसे बड़े प्रेरक बन सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष जसविंदर चहल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर गजेंद्र सलूजा का स्वागत किया। उपमंडल अधिकारी (ना.) मनदीप ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा जब इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी होगी। उन्होंने समाज से स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और अभियान में सहयोग करने की अपील की। नगर निगम के डीएमसी अरुण भार्गव ने भी स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर पार्षद काजल शर्मा, पूर्व पार्षद पवन गोगलिया, अनिल शर्मा, प्रेम तोमर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।












