इमरजेंसी गेट पर गंदगी की ‘इमरजेंसी’, मरीज गंदे पानी से होकर आने-जाने को मजबूर
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। जिले के राजा प्रताप बहादुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर बिना बारिश के जलभराव और गंदगी ने स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी है। अस्पताल आने वाले मरीज, बुजुर्ग, महिलाएं और तीमारदार रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं।अस्पताल प्रशासन और नगर पालिका की उदासीनता के कारण इमरजेंसी गेट के बाहर लंबे समय से गंदा पानी जमा है, जो संक्रमण और मच्छरों के पनपने का कारण बन रहा है। यह स्थिति न केवल मरीजों के लिए परेशानी का सबब है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ा रही है।एक ओर सरकार और प्रशासन स्वच्छता अभियान को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, वहीं जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर फैली गंदगी उन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। अस्पताल परिसर के बाहर की बदहाल तस्वीरें व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को साफ तौर पर बयां कर रही हैं।अब सवाल यह है कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का संज्ञान कब लेंगे और इमरजेंसी गेट पर जलभराव व गंदगी से मरीजों तथा तीमारदारों को आखिर कब राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ें नूरवाला में चला ‘स्वागत स्वच्छता अभियान’, गजेंद्र सलूजा बोले— स्वच्छता को बनाएं जीवन का अभिन्न अंग












