मैनपुरी में दबंगों का आतंक: युवक पर तमंचा तानकर मारपीट, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
मंडल संवाददाता अमित चौहान
मैनपुरी। जनपद मैनपुरी में दबंगों के हौसले बुलंद नजर आए। कोतवाली थाना क्षेत्र के नगरिया इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक हाथ में अवैध तमंचा लेकर दूसरे युवक को धमकाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने मिलकर युवक के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान तमंचे के बल पर उसे डराने-धमकाने का भी प्रयास किया गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जबकि एक युवक खुलेआम तमंचा लहराता दिखाई देता है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है और उसमें दिखाई देने वाले लोगों की पहचान कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












