एटा: अरिंद नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने संवेदनशील गांवों का किया निरीक्षण
मंडल संवाददाता अमित चौहान
एटा, 21 जुलाई 2026। अरिंद नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। संभावित बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए सदर एसडीएम श्वेता सिंह, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय तथा सिंचाई विभाग की टीम ने निधौली कला क्षेत्र के गोकुलपुर, दस्तापुर और लहरा गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को नालों एवं जल निकासी मार्गों की तत्काल साफ-सफाई कराने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियां बनाए रखने को कहा गया। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखने तथा संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जलभराव की स्थिति रोकने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।












