व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में उठा आईटीआई चौराहे के जाम का मुद्दा, व्यापारियों ने रखीं कई प्रमुख समस्याएं
मंडल संवाददाता अमित चौहान

फर्रुखाबाद, 21 जुलाई 2026। फर्रुखाबाद में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक बैठक अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखते हुए उनके समाधान की मांग की। बैठक में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के युवा जिलाध्यक्ष सन्देश अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने आईटीआई चौराहे पर प्राइवेट बसों के संचालन से लगने वाले जाम का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। युवा जिला उपाध्यक्ष रवि श्रीवास्तव ने एआरटीओ के समक्ष यातायात व्यवस्था में सुधार और जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। इसके अलावा श्यामनगर क्रॉसिंग के पास विद्या मंदिर कॉलेज के सामने कूड़ा डाले जाने, स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता की नियमित जांच तथा शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से व्यापारियों से प्रमुख चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई, जिस पर व्यापारियों ने सकारात्मक सहमति व्यक्त की।
बैठक में युवा जिलाध्यक्ष सन्देश अग्रवाल, प्रबल माहेश्वरी, रवि श्रीवास्तव, कुलदीप सिंह, संदीप सक्सेना सहित व्यापारी संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।












