जनपद एटा में आंगनबाड़ी केंद्रों में बड़ी कार्रवाई, 83 कार्यकत्रियों का मानदेय रोका

जनपद एटा में आंगनबाड़ी केंद्रों में बड़ी कार्रवाई, 83 कार्यकत्रियों का मानदेय रोका

संवाददाता योगेंद्र सिंह

एटा। महिला एवं बाल विकास विभाग ने जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों में मिली अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 83 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय अग्रिम आदेश तक रोक दिया है। यह कार्रवाई जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान सामने आई कमियों के आधार पर की गई। निरीक्षण के दौरान विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर रिकॉर्ड संधारण, उपस्थिति, पोषण सेवाओं के संचालन तथा अन्य व्यवस्थाओं में अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद विभाग ने संबंधित कार्यकत्रियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उनका मानदेय तत्काल प्रभाव से रोकने के आदेश जारी कर दिए।
कार्रवाई में सबसे अधिक प्रभावित निधौली कलां परियोजना रही, जहां 28 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय रोका गया। इसके अलावा अलीगंज की 19, शीतलपुर की 15, अर्बन परियोजना की 10, जैथरा की 6 तथा सकीट की 5 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के विरुद्ध भी यही कार्रवाई की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में कार्यों में लापरवाही या अनियमितता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी केंद्रों पर नियमित निरीक्षण जारी रहेगा और जहां भी कमियां मिलेंगी, वहां संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई के बाद जनपद की अन्य परियोजनाओं में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में भी हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने सभी कार्यकत्रियों को निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें