छात्रा की मौत से हाथरस में उबाल: तालाब ओवरब्रिज पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन, सुरक्षा इंतजाम की उठी मांग
संवाददाता अश्वनी कुमार जिला हाथरस

हाथरस में तालाब ओवरब्रिज पर हुए सड़क हादसे में घायल 18 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे व्यापारियों, स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों ने तालाब ओवरब्रिज पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लगभग आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। मृतका की पहचान खुशी अग्रवाल के रूप में हुई है, जो पशु चिकित्सक डॉ. संजीव अग्रवाल की पुत्री थीं। वह कोतवाली सदर क्षेत्र के आगरा रोड स्थित पुराना मिल कंपाउंड की निवासी थीं और अलीगढ़ रोड स्थित एक कोचिंग संस्थान में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थीं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम कोचिंग से स्कूटी पर घर लौटते समय तालाब ओवरब्रिज पर एक ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में खुशी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए। देर रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना से आक्रोशित व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह ओवरब्रिज पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि तालाब ओवरब्रिज की चौड़ाई कम होने, अत्यधिक यातायात और नीचे उतरने वाले खतरनाक मोड़ों के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने ओवरब्रिज पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और स्थायी समाधान की मांग की ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर राजबहादुर भी कोतवाली सदर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी मांगों को गंभीरता से सुनने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात को सामान्य कराया गया।












