सफलता की कहानी,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से दिव्यांग सशक्तिकरण की नई मिसाल,ऋचा बल्लभ खुलबई ने 13 वर्षों में 10 हजार से अधिक दिव्यांगजनों को योजनाओं, शिक्षा और रोजगार से जोड़ा
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
गाजियाबाद।मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के “सबका साथ, सबका विकास और अंत्योदय” के संकल्प को साकार करने की दिशा में जनपद गाजियाबाद में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायी कहानी सामने आई है। मुख्यमंत्री की मंशा एवं निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन के सहयोग से नीव शक्ति संस्था की संस्थापक ऋचा बल्लभ खुलबई पिछले 13 वर्षों से दिव्यांगजनों को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सराहनीय कार्य कर रही हैं।
स्वयं श्रवण बाधित समाज से जुड़ी होने के कारण ऋचा बल्लभ खुलबई ने दिव्यांगजनों की समस्याओं को निकटता से समझा और सहायता की परंपरागत सोच से आगे बढ़ते हुए उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने का अभियान शुरू किया। आज उनके प्रयासों से हजारों दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं।नीव शक्ति संस्था के माध्यम से अब तक 10,000 से अधिक दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, अंत्योदय राशन कार्ड, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अनेक सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया है।
संस्था का सतत प्रयास रहा है कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से संस्था द्वारा मिशन समर्थ के अंतर्गत बिजनेस ऑन व्हील्स उपलब्ध कराकर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं प्रोजेक्ट सक्षम के माध्यम से दिव्यांग युवाओं को निजी संस्थानों एवं प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इन पहलों से अनेक दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।शिक्षा के क्षेत्र में संस्था द्वारा संचालित देव भागीरथी लर्निंग सेंटर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए एक समर्पित शिक्षण संस्थान है, जहाँ श्रवण एवं वाणी बाधित सहित अन्य दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ स्पीच थेरेपी, कंप्यूटर शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं जीवन कौशल का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अनेक सम्मान भी प्राप्त किए हैं।ऋचा बल्लभ खुलबई ने दिव्यांग अधिकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों, विशेषकर रेलवे रियायत सहित अन्य सुविधाओं के लिए लगातार आवाज उठाई है तथा प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी पैरवी कर दिव्यांगजनों के अधिकारों को सुनिश्चित कराने का कार्य किया है। समाजसेवा एवं दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें दिव्यांग गौरव पुरस्कार सहित अनेक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है.

ऋचा बल्लभ खुलबई का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी दिव्यांगजन को दया का पात्र बनाना नहीं, बल्कि शिक्षा, कौशल, रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से उसे आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। उनका विश्वास है कि समाज का अंतिम व्यक्ति सशक्त होगा तभी विकसित उत्तर प्रदेश एवं विकसित भारत का सपना साकार होगा।उन्होंने बताया कि इस अभियान में जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी श्री अंशुल चौहान का निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग एवं संवेदनशील प्रशासनिक समर्थन प्राप्त हुआ है। उनके सहयोग से दिव्यांगजन कल्याण की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हुआ तथा हजारों पात्र लाभार्थियों तक सरकारी सुविधाएँ पहुँच सकीं।मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की मंशा एवं निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन गाजियाबाद द्वारा दिव्यांगजनों के हित में निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
इसी का परिणाम है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र दिव्यांगजनों तक प्रभावी रूप से पहुँच रहा है और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्राप्त हो रहा है।नीव शक्ति संस्था भविष्य में भी शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, सामाजिक समावेशन एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी। संस्था का विश्वास है कि प्रत्येक दिव्यांगजन अवसर मिलने पर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में समान रूप से अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
ये भी पढ़ें गुरु पूर्णिमा पर बालमित्र केंद्र, साहिबाबाद में जीवन के प्रथम गुरु ‘अभिभावकों’ का हुआ सम्मान












