ग्रेटर नोएडा में बंद मकानों में चोरी और गांजा तस्करी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, लाखों के आभूषण व अवैध गांजा बरामद
पवन सूर्यवंशी, ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना बीटा-2 पुलिस ने बंद पड़े मकानों में चोरी करने तथा अवैध गांजा बेचने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल, ताले खोलने के उपकरण, दो दर्जन चाबियां, एक अतिरिक्त नंबर प्लेट तथा 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई की जानकारी डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री रवि शंकर निम ने दी। उन्होंने बताया कि 28 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस ने सिटी पार्क, नवादा के पास से आरोपी साहिल पुत्र रज्जाक, निवासी मस्जिद के पीछे, बाली गली, मुस्ताक नगर, थाना बन्नादेवी, जिला अलीगढ़ को गिरफ्तार किया। चोरी और गांजा तस्करी का तरीका पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल से विभिन्न कॉलोनियों और सोसायटियों में घूमकर पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करता था।इसके बाद ताले खोलकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लेता था। पकड़े जाने से बचने के लिए वह मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट बदल-बदलकर इस्तेमाल करता था। आरोपी के पास ताले खोलने के लिए प्लास और कई चाबियां भी रहती थीं। इसी मोटरसाइकिल से वह विभिन्न क्षेत्रों में अवैध गांजा भी बेचता था।पूछताछ में आरोपी ने 6 जून 2026 को अल्फा-1 के बी-ब्लॉक तथा 11 जुलाई 2026 को सिल्वर ऑक्स सोसायटी में बंद मकानों से आभूषण चोरी करने की घटनाएं स्वीकार की हैं। इस संबंध में थाना बीटा-2 पर मुकदमा संख्या 258/2026 धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। बरामद सामान 03 सोने की चेन 02 सोने के मंगलसूत्र 01 सोने का ब्रेसलेट 02 सोने के पेंडेंट 05 सोने की अंगूठियां 01 जोड़ी सोने के टॉप्स 02 जोड़ी चांदी की पायल घटना में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल 01 प्लास लगभग दो दर्जन ताले खोलने की चाबियां 01 अतिरिक्त नंबर प्लेट 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा आपराधिक इतिहास पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध गौतमबुद्धनगर एवं अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, घर में सेंधमारी, आईटी एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं।












