भयहरण नाथ धाम में सावन मेला 2026 की तैयारियां पूरी, 8 से 16 अगस्त तक होगी दिव्य शिव महापुराण कथा
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। श्रावण मास के पावन अवसर पर जनपद के प्रसिद्ध श्री भयहरण नाथ धाम में आयोजित होने वाले सावन मेला 2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन एवं मेला प्रबंधन समिति ने सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।
महासचिव एवं मेला प्रबंधक समाज शेखर ने बताया कि 8 अगस्त से 16 अगस्त तक पर्यटक हाल में दिव्य एवं भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। सुप्रसिद्ध कथा व्यास भागवतभूषण पं. विजय कान्त तिवारी प्रतिदिन शाम 4 बजे से 8 बजे तक श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे।
उन्होंने बताया कि 17 अगस्त को नाग पंचमी के अवसर पर धाम में पारंपरिक घुघुरी लोक उत्सव का भव्य आयोजन होगा। आयोजन समिति में विधायक जीत लाल पटेल, नगर अध्यक्ष अशोक कुमार मुन्ना यादव, अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल, संरक्षक देवी प्रसाद मिश्र, डॉ. अमर बहादुर सिंह सहित कई पदाधिकारी व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर धाम परिसर में अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित कर दी गई है। मेला नियंत्रण कक्ष से सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
धाम के अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल सहित समस्त पदाधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा शांति और अनुशासन बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
मेला प्रबंधन समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि धाम को कब्जा मुक्त कराने के उद्देश्य से पूर्व में चला सामाजिक सत्याग्रह फिलहाल स्थगित है। मेला पूरी तरह शुल्क मुक्त है। अवैध वसूली या अराजक गतिविधियों में शामिल लोगों पर प्रशासन और पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी।
अस्थायी थाना प्रभारी सुशील कटियार ने कहा कि प्रशासनिक निर्देशों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा तथा अनधिकृत व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में मेला व्यवस्था का हिस्सा नहीं बनने दिया जाएगा। 24 घंटे शिफ्टवार पुलिस, नगर पंचायत, बिजली और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी श्रद्धालुओं की सेवा में तैनात रहेंगे।












