शिवसेना में बड़ा संगठनात्मक बदलाव: मनीष वर्मा बने बेमेतरा जिला प्रमुख, प्रदेश नेतृत्व ने जताया भरोसा
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। शिवसेना के संगठन विस्तार अभियान के तहत प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार ने दुर्ग संभाग कार्यकारिणी सदस्य मनीष वर्मा को शिवसेना जिला प्रमुख, बेमेतरा नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नियुक्ति की घोषणा के बाद संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराम केसरवानी, प्रदेश महासचिव रेशम जांगड़े,प्रदेश सचिव कमल सोनी, दुर्ग जिला अध्यक्ष सम्राट सिंह सहित अनेक पदाधिकारियों ने मनीष वर्मा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर नेताओं ने विश्वास जताया कि मनीष वर्मा के नेतृत्व में शिवसेना बेमेतरा जिले में संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाकर आम जनता की आवाज बुलंद की जाएगी। संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं के सशक्तिकरण और जनसेवा के संकल्प के साथ शिवसेना आगामी दिनों में जिले में अपनी गतिविधियों को और तेज करेगी।
मनीष वर्मा ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाते हुए कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनता के हितों के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।












