राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर न्यायिक अधिकारियों ने की प्री-ट्रायल बैठक।
संवादाता अमन अहमद।


एटा, 13 अगस्त 2026। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण को लेकर एटा में न्यायिक अधिकारियों की प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित मामलों को चिन्हित कर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में उनका प्रभावी ढंग से निस्तारण कराने की रणनीति पर चर्चा की गई। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एटा के आदेश के अनुपालन में 12 सितंबर 2026, शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 12 अगस्त को विश्राम कक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एटा में दोपहर 1:30 बजे प्री-ट्रायल बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज कमालुद्दीन ने की। उनके साथ अपर सिविल जज (सी0डि0) एवं प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एटा युगल चन्द्र चौधरी सहित जनपद के न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को चिन्हित किया जाए और पक्षकारों की सहमति एवं विधिक प्रक्रिया के अनुसार मामलों का निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। लोक अदालत के माध्यम से लंबित विवादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर शीघ्र समाधान कराने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिल कुमार XI, सिविल जज (सी0डि0) सुमिता, सिविल जज (सी0डि0) जलेसर विकास कुमार वर्मा, एसीजेएम सुरेखा, सुधा शर्मा, शुभी अग्रवाल, सत्यम सिंघल, आरती मौर्या, जाग्रती केसरवानी, गरिमा आर्या, मोहित कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने और अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराने की अपेक्षा की गई।












