जिला प्रशासन द्वारा आयो जित कार्यक्रम में “अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, वीर शहीदों के परिवारों का किया सम्मान”जेन-जी देश का भविष्य,राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका: श्री सुनील कुमार शर्मा
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा







युवाओं को उचित मार्गदर्शन देकर राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना जरूरी: कैबिनेट मंत्री,देश के प्रति कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें, यही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि: जिलाधिकारी,प्रत्येक नागरिक देश के नाम एक पौधा अवश्य लगायें: जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ गाजियाबाद। जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शहीद स्मारक स्थल पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया
कैबिनेट मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा सहित सभी अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पहुंचकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा ने ध्वजारोहण किया तथा उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रीय गान का सामूहिक गायन किया। समारोह में देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों को स्मरण करते हुए उनके योगदान को कृतज्ञतापूर्वक याद किया गया।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा, जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार मॉंदड़, नगर आयुक्त श्री विक्रमादित्य सिंह मलिक तथा मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने शहीद सैनिकों के परिजनों को शॉल एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। कैबिनेट मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि जेन-जी देश का भविष्य है।
आगे चलकर यही पीढ़ी देश की राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था का नेतृत्व करेगी। इसलिए आवश्यक है कि हम युवाओं का उचित मार्गदर्शन करें तथा उन्हें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और दायित्वों का निर्वहन करने के लिए तैयार करें।
उन्होंने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था ही राष्ट्र के समग्र विकास का आधार होती है। इसके लिए हम सभी को उत्पादन बढ़ाने तथा आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य करना होगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जेन-जी को उत्पादन, नवाचार और तकनीकी प्रगति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित एवं मार्गदर्शित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में देश के सामने अनेक चुनौतियां आएंगी, जिनका सामना हमें एकजुट होकर करना होगा।
उन्होंने प्रत्येक देशवासी से अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव और उत्साह का दिन है। इस पावन अवसर पर प्रत्येक नागरिक को देश के नाम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष जिला प्रशासन की ओर से जनपद के शहीद सैनिकों के परिवारों को सम्मानित कर तथा अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर हम उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।
देश की स्वतंत्रता के लिए वीर शहीदों ने जो त्याग और बलिदान दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि हमें अमर शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। यही अमर शहीदों और उनके परिवारों के प्रति हम सभी की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने माननीय मंत्री, कार्यक्रम में पधारे अधिकारियों, सिविल डिफेंस के कार्यकर्ताओं, शहीदों के परिवारों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से एडीएम सिटी श्री विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट श्री सतीश चन्द्र त्रिपाठी, सीएमओ डॉ.सचिन चन्द्र वैश्य, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह, एसीएमओ डॉ.अमित विक्रम, सहित अनेक अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।












