80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सेक्टर-51 होशियारपुर में भव्य समारोह आयोजित,मा0 राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने किया ध्वजारोहण,सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर








देश के विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण, प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे: मा0 मंत्री नरेंद्र कश्यप,माननीय मंत्री जी ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी: जिलाधिकारी देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने मोहा अतिथियों एवं दर्शकों का मन,गौतमबुद्धनगर 15 अगस्त, 2026, 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सेक्टर-51, होशियारपुर, नोएडा में भव्य एवं गरिमामय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, नरेंद्र कश्यप, विशिष्ट अतिथि मा0 विधायक दादरी तेजपाल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष गौतमबुद्धनगर अभिषेक शर्मा मा0 जनप्रतिनिधिगण सहित अधिकारीगण, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सेक्टर-51 होशियारपुर की प्रधानाचार्या, समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। मा0 मंत्री जी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया एवं विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि स्वच्छ एवं हरा-भरा पर्यावरण भावी पीढ़ियों के लिए हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लेना चाहिए। इसके उपरांत उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया।आयोजित कार्यक्रम में मा0 मंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि यह आजादी हमें असंख्य महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है।स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान वीरों के बलिदान को स्मरण करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि कल ही हमने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के माध्यम से उस पीड़ा और त्रासदी को स्मरण किया है, जिसका दंश देश कभी भुला नहीं सकता। देश की आजादी के लिए अनगिनत लोगों ने संघर्ष किया और अपना सर्वस्व न्योछावर किया, तब जाकर हमें स्वतंत्र भारत मिला।
उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व में तेजी से आगे बढ़ता हुआ एक अग्रणी राष्ट्र बन रहा है। अब कोई भी बाहरी ताकत भारत की ओर आंख उठाकर देखने का साहस नहीं कर सकती। हमें अपनी आजादी की गरिमा, उसके महत्व और उसके लिए दिए गए बलिदानों को समझना होगा तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
आजादी अमर रहे, यह केवल नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और संकल्प होना चाहिए। मा0 मंत्री जी ने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए। इस संकल्प को साकार करने के लिए हम सभी को एकजुट होकर अपने-अपने क्षेत्र में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ योगदान देना होगा
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में राष्ट्रीय पर्व का भव्य आयोजन किया जा रहा है, ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़े।उन्होंने उपस्थित बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के भारत के कर्णधार होंगे। आने वाले समय में यही युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उन्होंने सभी से आह्वान किया कि आज हम संकल्प लें कि देश की प्रगति, एकता और अखंडता के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण हमारा देश स्वतंत्र हुआ और हमें स्वतंत्र भारत में सम्मान एवं स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अवसर प्राप्त हुआ।
आज हमारा देश निरंतर प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र की उन्नति में अपनी भूमिका निभाए और अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करे।उन्होंने कहा कि हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना, समाज के प्रति संवेदनशील रहना तथा जरूरतमंद और वंचित लोगों की सहायता के लिए आगे आना भी राष्ट्रसेवा का ही एक रूप है।
हम सभी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में रहते हुए समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अपना योगदान दे सकते हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि हमें अपने विशेष अवसरों को भी सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की पहल करनी चाहिए। जन्मदिन, वर्षगांठ अथवा अन्य अवसरों पर जरूरतमंद लोगों की सहायता कर हम समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा सकते हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालयों की छात्राओं द्वारा देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छात्राओं ने नृत्य, गीत एवं नाट्य रूपांतरण के माध्यम से देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
मा0 मंत्री जी द्वारा इस अवसर प्रतिभावान छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में पधारे सभी मा0 अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आमंत्रितजनों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
उन्होंने समारोह के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, छात्राओं एवं नागरिकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग एवं सहभागिता से समारोह गरिमापूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। गौतमबुद्धनगर।












