बादलपुर 250 CCTV खंगाले, चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार ₹1.28 लाख नकद, 40.740 ग्राम पीली धातु और बाइक बरामद

बादलपुर 250 CCTV खंगाले, चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार ₹1.28 लाख नकद, 40.740 ग्राम पीली धातु और बाइक बरामद

पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर

गौतमबुद्धनगर। थाना बादलपुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं से संबंधित ₹1,28,500 नकद, करीब 40.740 ग्राम वजन की पीली धातु की दो गिट्टियां और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई 2026 को सादोपुर की झाल स्थित पशुचारा की दुकान के गल्ले से रुपये चोरी होने की सूचना मिली थी। मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में करीब 250 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और लोकल इंटेलिजेंस तथा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंची।
महामाया एन्क्लेव के पास गिरफ्तारी

पुलिस ने 17 अगस्त 2026 को महामाया एन्क्लेव के पास से गुलफाम पुत्र सलीम और फरमान पुत्र शेर मोहम्मद को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गुलफाम के पास से ₹66,000, 20.740 ग्राम पीली धातु की गिट्टी और मोटरसाइकिल DL5SDR8940 बरामद हुई। वहीं फरमान के कब्जे से ₹62,500 नकद और 20 ग्राम वजन की पीली धातु की गिट्टी बरामद की गई।
बंद मकान और कार से बैग चोरी का भी खुलासा

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सादोपुर झाल की पशुचारा दुकान से चोरी के अलावा सहारा सिटी में बंद मकान से नकदी और आभूषण चोरी करने की बात बताई। आरोपियों ने एयरफोर्स स्टेशन के सामने एक वाहन का शीशा तोड़कर बैग चोरी करने की घटना में भी शामिल होने की बात पुलिस को बताई।

दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गुलफाम के खिलाफ मथुरा समेत अन्य थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराएं शामिल हैं। वहीं फरमान के खिलाफ भी मथुरा जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

बादलपुर पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ थाना बादलपुर में मु0अ0सं0 185/26, 199/26 और 206/26 से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के फरार साथी की तलाश और अन्य बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
— पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें